अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम लूट में असफल रहे हमलावरों ने कोटेदार की जमकर पिटाई कर दी। इससे वह घायल हो गया।
बुधवार को पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने दो नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिवरतनगंज के पूरे जोरई मजरे पिपरी अहमदाबाद गांव निवासी एवं कोटेदार सतीश यादव मंगलवार की शाम बाइक से किसी काम के सिलसिले में तिलोई जा रहा था।
इन्हौना-तिलोई मार्ग पर फत्तेपुर गांव के पास पहले से मौजूद छह लोगों ने उसे रोक लिया। उसके साथ लूटपाट का प्रयास। कोटेदार के विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसकी लाठी-डंडे से पिटाई कर दी।
उसके चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े। ग्रामीणों का आता देख हमलावर भाग निकले। घायल कोटेदार का सीएचसी में इलाज कराया। बुधवार की सुबह पीड़ित ने तहरीर दी।
एसओ दिनेश कुमार यादव ने बताया कि कोटेदार की तहरीर पर तौफीक, बबलू निवासी वतियां और चार अज्ञात लोगों के विरुद्ध लूट का प्रयास और मारपीट का केस दर्ज किया गया है।