रायबरेली जिला अस्पताल में चाकू लगने से घायल युवक की चोट को दिखाते परिवार के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया गया। वारदात को किसी ने नहीं, बल्कि उसके भाई ने ही अंजाम दिया। युवक की हालत गंभीर होने पर युवक को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष ने वारदात की तहरीर कोतवाली में दी है। युवक पर हमला क्यों बोला, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के छिवलहानी निवासी राजेश कुमार (30) मजदूरी करता है। बुधवार को उसके भाई ने चाकू से उस पर हमला कर दिया।
हमला उस समय किया, जब वह घर के बाहर बैठा था। चाकू उसके पेट में घोंप दिया, जिससे वह घायल हो गया। इससे पहले कि आसपास के लोग पहुंचे, हमलावर भाई मौके से भाग गया। घायल राजेश को सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल धनंजय सिंह का कहना है कि बड़े भाई ने राजेश पर चाकू से हमला किया है। मामले की तहरीर मिली है। रिपोर्ट लिखकर मामले में कार्रवाई होगी। हमला किस बात को लेकर किया गया, इसकी पड़ताल कराई जा रही है।