जिले में खाद, बीज की कालाबाजारी रोकने के लिए डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को कृषि विभाग की टीमों ने छापेमारी की। एक साथ 64 दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे गए। इस दौरान खाद के 25 नमूने भरे गए। अनियमितता मिलने पर सात दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। साथ ही दो दुकानें निलंबित कर दी गई।
उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह और जिला कृषि अधिकारी सतीश पांडेय की अगुवाई में टीमें गठित करके छापेमारी कराई गई। महराजगंज, ऊंचाहार समेत अन्य क्षेत्रों की खाद, बीज की दुकानों में कार्रवाई की गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 64 दुकानों में छापेमारी की गई। इन दुकानों में से 25 नमूने भरे गए।
उर्वरक अभिलेख एवं स्टाक बोर्ड/रेटबोर्ड प्रर्दशित न करने अथवा दुकान बंद कर देने के कारण मै. मौर्या खाद भंडार मोन महराजगंज, शुक्ला खाद भंडार हलोर, आलोक खाद भंडार ओसाह शिवगढ़, संजय मौर्या खाद भंडार ओसाह, मै.रणवीर सिंह ओसाह, देव खाद एवं बीज भंडार टूक, सतीश गुप्ता महराजगंज को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि मै. यादव खाद भंडार हलोर, मै. सचिन बीज भंडार महराजगंज के दुकानदार का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।