खीरों थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल अकोहरिया में प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों के आपस में झगड़ने व शोर मचाने से आपे से बाहर हुए प्रभारी प्रधानाध्यापक ने कक्षा तीन के छात्र को पहले पीटा, फिर उठाकर पटक दिया। इससे बच्चे के हाथ की हड्डी टूट गई।
शिक्षक ही बच्चे को लालगंज अस्पताल ले गया और दाहिने हाथ पर प्लास्टर बंधवाया। पांच दिन तक मामला दबा रहने के बाद बुधवार को बच्चे के पिता ने शिक्षक के खिलाफ खीरों थाने में तहरीर दी है। बीईओ को भी शिकायतीपत्र देकर मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।
शिकायत पर बीईओ व एसओ ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। खीरों थाना क्षेत्र के अकोहरिया गांव निवासी संजय मोहन ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसका 10 वर्षीय बेटा गुलाब प्राथमिक विद्यालय अकोहरिया में कक्षा तीन का छात्र है।
10 मार्च को रोज की तरह गुलाब स्कूल पहुंचा तो किसी बात से नाराज होकर इंचार्ज प्रधान शिक्षक अरविंद कुमार ने उसकी जमकर धुनाई की और उसे जमीन पर पटक दिया। इससे गुलाब की दाहिने हाथ की हड्डी टूट गई। बताया गया कि प्रार्थना सभा के दौरान बच्चों के आपस में झगड़ने पर शिक्षक का गुस्सा गुलाब पर फूटा।
पिता का आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने गुलाब को सीएचसी लालगंज ले जाकर प्लास्टर तो चढ़वा दिया, लेकिन अब वह उसका इलाज कराने से मना कर रहे हैं। जबकि पहले इलाज कराने का वादा किया था। आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे की मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट भी अपने पास ही रख ली है।
वहीं इंचार्ज प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार का कहना हे कि 10 मार्च को प्रार्थना के दौरान गुलाब, महेंद्र व गौरव आपस में झगड़ रहे थे। इसी बीच गुलाब जमीन पर गिर गया। उसे चोट लग गई तो तत्काल उसे लालगंज अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। बच्चे को पीटा नहीं गया। दबाव बनाने के लिए गलत आरोप लगाया जा रहा है।
:
एसओ अमर सिंह रघुवंशी और बीईओ खीरों रवि कुमार सिंह ने बताया कि लड़के के पिता ने तहरीर दी है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में मामला स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोषी मिलने पर शिक्षक को बख्शा नहीं जाएगा।