डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की रात उत्तर प्रदेेश ग्रामीण बैंक की शाखा पखरौली में चोरों ने शटर तोड़कर तीन कंप्यूटर पार कर दिए। चोरों ने बचने के लिए बैंक के अंदर लगे सीसी टीवी कैमरा तोड़ दिया।
कैश का लॉकर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। ग्रामीण सुबह सोकर उठे तो बैंक का शटर टूटा देखा। पुलिस को सूचना दी। शाखा प्रबंधक ने तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस रिपोर्ट दर्जकर जांच कर रही है।
पखरौली गांव में इसी साल मार्च में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा खुली है। देर रात चोर शटर तोड़कर अंदर घुस गए। कैश लॉकर की ओर लगे सीसी टीवी कैमरे को चोरों ने तोड़ दिया।
इसके बाद तीन कंप्यूटर और सीपीयू पार कर दिया। लॉकर से भी कैश निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। शाखा प्रबंधक उदयपाल सिंह ने तहरीर दे दी है। कोतवाल एसपी उपाध्याय ने बताया कि जांच की जा रही है।