खीरों थाना क्षेत्र के एक गांव में मानसिक रूप से बीमार (अर्द्धविक्षिप्त) युवती गैंगरेप का शिकार हो गई। उसे बेहोशी की हालत में गांव के बाहर गेहूं के खेत में फेंक दिया गया। मारने के इरादे से उसके गले को उसी के दुपट्टे से कसा गया था।
गुरुवार रात उधर से गुजर रहे लोगों ने युवती को देख उसके घर वालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे बेहोशी की हालत में सीएचसी पहुंचाया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
वारदात की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे एसपी हरि नारायण सिंह ने वारदात की जानकारी ली और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। युवती के कपड़े घटना स्थल से कुछ दूरी पर अलग-अलग स्थानों से मिले हैं।
पुलिस अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। खीरों थाना क्षेत्र के एक गांव की 30 वर्षीय अर्द्धविक्षिप्त युवती गुरुवार रात खजुरिहा बांध से घर लौट रही थी। रास्ते में राधेश्याम के खेत में अज्ञात लोगों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
इस दौरान वह बेहोश हो गई। दुराचारियों ने उसके गले को दुपट्टे से बांध दिया था। जिससे लगता है कि गैंगरेप के बाद उनका इरादा उसे मारना था। वारदात को अंजाम देकर आरोपी उसे बेहोशी की हालत में खेत में फेंककर भाग गए।
उधर से गुजर रहे लोगों ने युवती के कराहने की आवाज सुनी। इस दौरान होश आने पर युवती ने कुछ कहने का प्रयास किया, लेकिन दोबारा बेहोश हो गई। सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, लेकिन हालत नाजुक होने पर युवती को रात में ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
युवती के प्राइवेट से अभी भी रक्तस्राव हो रहा है। यह भी कहा जा रहा है कि रेप के बाद किसी वस्तु से चोट पहुंचाई गई है। एसपी हरि नारायण सिंह, सीओ लालगंज रामअर्ज कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल से कुछ दूरी पर युवती के कपड़े बरामद किए।
कई कपड़े खून से लथपथ थे। एसपी के कड़े रुख के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू हो गई है। युवती के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर पुलिस छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दरिंदगी का शिकार हुई युवती ने रात में किसी तरह घर पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन हालत इतनी खराब थी कि वह उठ नहीं सकी। घटनास्थल का नजारा बंया कर रहा था कि उसके साथ किस तरह दरिदंगी की गई। उसे अब तक होश नहीं आया है।
जिला अस्पताल में वह जिंदगी और मौत से जूझ रही है। सीएचसी खीरों के चिकित्सक का कहना है कि युवती के शरीर पर ज्यादा चोटें नहीं हैं, लेकिन प्राइवेट पार्ट से लगातार ब्लड निकल रहा है। इसी कारण उसकी स्थिति बेहद नाजुक है।
युवती के साथ किन दरिंदों ने यह सब किया है। इसका पता लगाने के लिए भले ही पुलिस हाथपैर मार रही है, लेकिन युवती के होश में आने के बाद ही दरिंदों के सही नाम सामने आ सकेंगे। पुलिस भी युवती के होश में आने के इंतजार में है। उसके होश में आने के बाद ही दुराचारियों से पर्दा हट सकेगा।
युवती की दो बार शादी हुई थी, लेकिन मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण उसकी शादी टूट गई थी। वह रोजाना सुबह खजुरिहा बांध पर चली जाती थी और शाम को घर लौटती थी। मानसिक रूप से बीमार होने के कारण घर या बाहरी कोई भी उससे कुछ नहीं कहता था।
पुलिस अधीक्षक हरि नारायण सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया गया है। आधा दर्जन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कराई जा रही है। युवती के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। उसके होश में आने के बाद ही दुराचारियों की सही जानकारी हो पाएगी। आरोपियों में जल्द जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं।