शहर में लूट की एक और चोरी की दो वारदातों का खुलासा करने का दावा पुलिस ने किया है। सदर कोतवाली पुलिस ने पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया है। जबकि तीन मौके से फरार हो गए। इनके पास से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत तीन लाख से अधिक का सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में पकड़े गए लुटेरों ने फौजी, जिला अस्पताल के क्लीनर के घर चोरी और एनएसजी कमांडो के घर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूली है।
पुलिस की इस कामयाबी पर एसपी हरिनारायण सिंह ने पुलिस टीम को बधाई दी है। इसी माह बजरंग नगर में फौजी के घर चोरी और यहीं पर एनएसजी कमांडो बृजेंद्र सिंह के घर लूट की वारदात हुई थी। साथ ही जिला अस्पताल कॉलोनी रहने वाले अस्पताल के क्लीनर दिनेश यादव के घर चोरी की घटना हुई थी। वारदातों के खुलासे के लिए सदर कोतवाल कमलेश पांडेय, इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज आशीष द्विवेदी की अगुवाई में टीम बनाई गई थी।
पुलिस टीम ने मंगलवार रात मुखबिर की सूचना से कानपुर रोड से पांच लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीन लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। कोतवाल के मुताबिक सब्बीर निवासी तेलियाकोट, सरताज निवासी खाली सहाट, असलम निवासी गुलाब रोड कहारों का अडडा, यासिन निवासी गुलाब रोड कहारों का अड्डा, अमन सिददीकी निवासी रंग महल छोटी बाजार सदर कोतवाली को पकड़ा गया है। वहीं छोटाना, रब्बे, डैनी निवासी खालीसहाट फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों के पास से 6500 रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत तीन लाख से अधिक का सामान बरामद किया गया है। 21 मई को प्रभू टाउन मोहल्ले से चोरी की गई बाइक यूपी 33 एबी-6039 बरामद की गई है। बाइक किसकी है, इस बारे में पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा चोरी के उपकरण भी मिले हैं। सदर कोतवाल के मुताबिक पकड़े गए लुटेरे बहुत शातिर हैं। पकड़े गए लुटेरे उस घर की रेकी करते थे। रेकी करने के बाद सुनियोजित ढंग से घटनाओं को अंजाम देते थे।