सरेनी थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक तरफ पुलिस का दावा था कि दोनों ने खुदकुशी की है। वहीं गुरुवार को इस मामले में मृतक प्रेमी के पिता ने लड़की की मां व दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई।
आरोप है कि लड़की पक्ष के लोगों ने उसके बेटे की हत्या की और शव को फंदे पर लटका दिया। मौके से बरामद सुसाइड नोट उसके बेटे का लिखा नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सेमरपहा निवासी आशू उर्फ विवेक वाजपेयी (22) सरेनी थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में अपनी नानी के घर रह रहा था।
नानी के गांव में रहने के दौरान आशू को यहीं की पूजा मिश्रा से प्यार हो गया था। पुलिस के अनुसार शादी न होने पर दोनों ने मंगलवार रात फांसी लगाकर जान दे दी थी। मौके से सुसाइड नोट भी मिला था।
वहीं गुरुवार को मृतक आशू के पिता केदारनाथ वाजपेयी ने सरेनी थाने में लड़की के भाई राजू, मां नाम अज्ञात व छोटा भाई नाम अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर लिखाई। वादी का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।
आरोप है कि एक ही दुपट्टे पर दो शव नहीं लटक सकते। इसलिए उसके बेटे की हत्या की गई है। मौके से बरामद सुसाइड उसके बेेटे का नहीं लिखा है। थानेदार एके सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। मामले में उचित कार्रवाई होगी।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार पुत्र की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिवारीजनों ने सेमरपहा गांव में हंगामा काटा। सलोन सीओ चरनजीत सिंह ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया।