एमएलसी के लिए गुरुवार को हुए मतदान में लालगंज ब्लॉक परिसर में
बनाए गए मतदान केंद्र पर कुल 132 में से 130 लोगों ने मतदान किया। डीएम
सूर्यपाल गंगवार व एसपी हरिनारायण सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस के बस्ते
पर बैठे लोगों की जब तलाशी में एक युवक के पास से अवैध तमंचा बरामद हुआ।
पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पकडे़ गए लोगों को कोतवाली
पहुंचाया। दोपहर 12 बजे करीब डीएम व एसपी का काफिला लालगंज से ब्लॉक की ओर आ
रहा था। रेल क्रॉसिंग के पास भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थक
बड़ी संख्या में बस्ता लगाए बैठे थे।
इस पर काफिला रोक दोनों अधिकारियों ने
मातहतों को वहां पर मौजूद लोगों की तलाशी लेने का आदेश दिया। तलाशी का
आदेश होते ही भगदड़ मच गई। तलाशी के दौरान वहां मौजूद कांग्रेस प्रत्याशी
के समर्थक डीह निवासी धनंजय शुक्ला के पास से एक 315 बोर का तमंचा और छह
कारतूस बरामद हुए।
पुलिस ने भाग रहे कुम्हड़ौरा निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ
बच्चा सिंह, रेल क्रॉसिंग निवासी हर्षवर्धन सिंह, रणगांव निवासी डिबलर सिंह
व बन्नामऊ निवासी गुड्डू सिंह को भी हिरासत में ले लिया है। डीएम व एसपी ने रायबरेली रेल क्रॉसिंग के पास एमलसी प्रत्याशी दिनेश प्रताप
सिंह के भाई गणेश सिंह की गाड़ी भी चेक कराई।
गाड़ी से कारतूस रखने का
खाली केस बरामद हुआ। एसपी ने पूछताछ के बाद केस वापस कर दिया और उन्हें
वहां से वाहन हटाने के निर्देश दिए। एसपी हरिनारायण सिंह ने बताया कि एमलसी के चुनाव में बस्ते लगाने की कोई व्यवस्था नहीं होती है। कांग्रेस के
लोग अवैध रूप से बस्ता लगाकर बड़ी संख्या में जमा थे।
उन्हें हटाने की
कार्रवाई के दौरान डीह निवासी युवक धनंजय शुक्ला के पास अवैध 315 बोर का
तमंचा व छह कारतूस बरामद हुए हैं। पांच-छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत
में लिया गया है। धनंजय के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शेष अन्य को
मतदान के बाद जाने दिया गया।