जगतपुर थाना क्षेत्र में एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह बाग में पड़ा मिला। दरिंदों ने बड़ी बेरहमी से उसका गला काटने के साथ ही नाक, बाएं पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से करीब आठ वार किए।
ग्रामीण महिला के साथ रेप किए जाने की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर एएसपी ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की। घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें और नमकीन के पैकेट मिले हैं। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जगतपुर थाना क्षेत्र के सरांय श्रीबक्श गांव स्थित महुवारी बाग में बुधवार सुबह एक महिला (28) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर एसओ धर्मेंद्र दुबे भी मौके पर पहुंचे और पुलिस अफसरों को घटना की जानकारी दी।
कुछ देर बाद अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। टीम ने घटनास्थल से फिंगर प्रिंट लिए। शव के पास ही शराब की खाली बोतलें और नमकीन के पैकेट पड़े मिले, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह ने बताया कि महिला की बेरहमी के साथ हत्या की गई है। उसका गला कटा था। शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि महिला के कपडे़ अस्त-व्यस्त थे। ऐसे में रेप के बाद उसकी हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि पुलिस ने अज्ञात में हत्या और शव को छिपाने का केस दर्ज कर लिया है।
हत्या कहीं और की गई, शव यहां फेंका
आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई, इसके बाद शव को यहां पर ठिकाने लगाया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक शशिशेखर सिंह ने भी इस बात को स्वीकार किया और कहा कि जल्द घटना का पर्दाफाश होगा। कई बिंदुओं पर पड़ताल कराई जा रही है।
शादीशुदा थी मृतका
जिस महिला की हत्या की गई, उसकी शादी हो गई थी। उसके मांग में सिंदूर भरा था। साथ ही उसने बिछिया और कंगन पहन रखे थे। शराब की खाली बोतलें और नमकीन बरामद होने से आशंका जताई जा रही है कि घटना में शामिल हत्यारों की संख्या दो या फिर उससे ज्यादा रही होगी। उन्होंने घटना को अंजाम देने के बाद शव को यहां पर फेंका और फिर शराब पी।