सुभाष कुमार अग्निहोत्री
चंबा। पंचायत स्तर पर आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए विशेष ग्राम सभा में पहुंचें विकास खंड अधिकारी और उनकी टीम से शराब के नशे में धुत्त पटवारी उलझ गया। इस मामले में शिकायत के बाद पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी अनुसार पंचायत स्तर पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत चुराह की पंचायत में भी ग्राम सभा का आयोजन किया गया था। हैरानी की बात इस दौरान सामने यह आई कि ग्राम सभा में ड्यूटी पर तैनात पटवारी शराब के नशे में धुत था। औचक निरीक्षण पर पहुंचे बीडीओ और उनकी टीम को देखकर पटवारी ने बीडीओ और उनकी टीम के साथ अभद्र व्यवहार और बदसलूकी करना शुरू कर दिया। ऐसा करने से मना करने पर पटवारी ने गुस्से में आग-बबूला हो गया। इसके बाद बीडीओ ने मामले की सूचना तहसीलदार से की। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार ने एसडीएम और एसडीएम ने जिलाधीश चंबा को इस बारे सूचित किया। वहीं, पुलिस को भी नशे में धुत्त पटवारी के बारे में सूचित किया। पुलिस को सूचना मिलने की भनक लगते ही पटवारी पटवारखाने से भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पटवारी की तलाश के लिए संबंधित पंचायत और आसपास के गांवों में दबिश दी। लेकिन, पटवारी का कोई नामोनिशान नहीं मिला। बुधवार को पटवारी पटवारखाने में पहुंचकर अपने कार्य को अंजाम देने लगा। इस पर पुलिस जवान ने मौके पर पहुंचकर पटवारी को पकड़कर उसे मेडिकल के लिए तीसा लेकर गए। यहां पर उसका मेडिकल करवाया गया। वहीं, दूसरी और जिलाधीश चंबा ने विशेष शक्तियों का प्रयोग करते हुए पटवारी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, विभागीय स्तर पर मामले की तफ्तीश की जा रही है।
इनसेट
पुलिस थाना प्रभारी तीसा अनुरूप गुलेरिया ने बताया कि संबंधित पटवारी के शराब के नशे में अभद्र व्यवहार और अभद्र भाषा का प्रयोग करने की शिकायत मिली थी। लेकिन, वह कहीं नहीं मिल रहा था। बुधवार को पटवारी का मेडिकल करवाया गया है। जिसकी रिपोर्ट आनी शेष है।
इनसेट
जिलाधीश चंबा हरिकेश मीणा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आयोजित ग्राम सभा में बीडीओ और उनकी टीम के साथ अभद्र व्यवहार और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले पटवारी को सस्पेंड कर दिया गया है।