फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक दिन पहले ही हुई थी सगाई, कार की टक्कर से युवक की जान गई

Sat, 02 Mar 2019 11:59 PM IST
rajni rajni अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन

रायबरेली। अमेठी जिले के जायस कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दूल्हा और दुल्हन को लेकर जा रही बिना नंबर की कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे कार और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।

विज्ञापन



गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक युवक की शुक्रवार को ही सगाई हुई थी। कार चालक और उसमें सवार सभी लोग मौके से भाग निकले।


कार पर सोनी परिवार का इस्टीकर लगा था। कार की डिग्गी में रखे बक्से में दुल्हन का सामान था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कार दूल्हा-दुल्हन को लेकर जा रही थी, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन



अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के पूरे महंत मजरे शाहपुर निवासी रामगोपाल (22) पुत्र पोखई बाइक से अपने भाई की ससुराल पूरे तेजी मजरे ओदारी थाना नसीराबाद जा रहा था। तभी बहादुरपुर ब्लॉक मुख्यालय के निकट रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर सामने से बिना नंबर की कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।


इससे रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को पीएचसी बहादुरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे।


पिता ने बताया कि रामगोपाल की शादी तिवारी का पुरवा मजरे सुजानपुर थाना गौरीगंज से तय थी। शुक्रवार को ही सगाई हुई थी। रश्म पूरी कर वह भाई की ससुराल जा रहा था। तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।


परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। जायस कोतवाली निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि बिना नंबर की कार ने बाइक सवार को टक्कर मारी है। मृतक युवक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


कार के इंजन और चेसिस नंबर से पता लगाया जा रहा है कि कार किसकी है। दुल्हन का सामान होने की वजह से अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी कार में दूल्हा और दुल्हन सवार रहे होंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें