पांच घरों से नकदी, जेवर व अन्य सामान उड़ाया
रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली पुलिस की सक्रियता को ताक पर रखकर गुरुवार रात चोरों ने ईंट-भट्ठे के मैनेजर समेत पांच घरों को निशाना बनाकर नकदी, जेवर व अन्य सामान पार कर दिया। शुक्रवार सुबह चोरियों की खबर मिलते से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव के बाहर बक्शे व अन्य सामान बिखरा पाया गया। पुलिस चोरों का सुराग लगाने में जुट गई है।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के अड्डा मजरे पट्टीरहस कैथवल में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर लाखों का माल पार कर दिया। चोर घरों की पिछली दीवारों से छतों पर चढ़े और छत के रास्ते घरों में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। श्रीराम के घर से चोर दस हजार रुपये और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के आभूषण उठा ले गए। बसंतलाल के घर से 12 हजार रुपये नगद और अन्य कीमती सामान उठा ले गए। रामसंत के घर से हजारों का माल चोर उठा ले गए। गांव से कुछ ही दूरी पर एक ईंटभट्ठा के मैनेजर के आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया, लेकिन वहां उनके हाथ मात्र कुछ रुपये ही लगे।
कैथवल गांव के पास लाल बहादुर के घर से चोरों ने हजारों रुपये कीमत का माल उठा ले गए। शुक्रवार सुबह चोरियों की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गांव के बाहर कपडे़ व अन्य सामान बिखरे मिले। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि चोरी कि घटनाएं हुई हैं। चोरों का पता लगाया जा रहा है।