शिक्षकों की पिटाई से छात्र अस्पताल में भर्ती
डलमऊ (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के भागीरथी इंटर कॉलेज मुराईबाग डलमऊ में शनिवार को दो शिक्षकों की गुंडागर्दी दिखी शिक्षकों ने एक छात्र को डंडे से बेरहमी से पीटकर घायल कर दिया।
यही नहीं बीच-बचाव करने पर उसके दो साथियों को भी धमकाया और स्कूल न आने की धमकी दी। छात्र ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उधर, कॉलेज के प्रधानाचार्य ने भी शिक्षक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सराय दिलावर गांव निवासी चंद्रभान का 19 वर्षीय पुत्र रवि कुमार भागीरथी इंटर कॉलेज मुराई बाग में कक्षा 12 का छात्र है। वह प्रैक्टिकल की फाइल क्लास के बाहर बैठकर बना रहा था।
क्लास में देरी से जाने का आरोप लगाते हुए दो शिक्षकों ने रवि कुमार की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे उसे गंभीर चोटें आई। कॉलेज अन्य छात्र अनुराग और आलोक ने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी धमकाया गया और स्कूल न आने की चेतावनी दी गई।
घटना की जानकारी होने पर छात्र के परिवारीजन कॉलेज पहुंचे और घायल बेटे को सीएचसी डलमऊ ले जाकर भर्ती कराया। छात्र के पिता का कहना है कि उसके बेटे की पिटाई की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।
छात्र ने प्रकरण की तहरीर कोतवाली में दे दी है। यदि प्रकरण में कार्रवाई नहीं की गई तो डीएम-एसपी से मामले की शिकायत की जाएगी। उधर, प्रधानाचार्य ने भी छात्र के खिलाफ अनुुशासनहीनता व मारपीट करने की तहरीर दी है।
कोतवाल अशोक सिंह का कहना है कि छात्र की पिटाई की गई है। उसकी तहरीर मिली है। साथ ही प्रधानाचार्य ने भी तहरीर दी है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है।