रायबरेली। मिल एरिया में पकड़ी गई अवैध शराब की फैक्टरी मामले के मुख्य आरोपी व सरगना नन्हू जायसवाल पर पुलिस ने 15 हजार रुपये इनाम घोषित किया है।
एसपी के निर्देश पर मिल एरिया पुलिस ने आठ पर गैंगस्टर की कार्रवाई की है। ये सभी जेल में हैं। लेकिन सरगना नन्हू जायसवाल अब तक हत्थे नहीं चढ़ा है। सरगना की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने एसओ की अगुवाई में टीम गठित कर दी है।
मार्च में एसपी सुनील कुमार सिंह की अगुवाई में मिल एरिया पुलिस ने छजलापुर में अवैध शराब की फैक्टरी पकड़ी थी। इस मामले में पुलिस ने आठ लोगों को दबोच लिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया था।
एसओ राकेश यादव ने बताया कि अमावां निवासी मनीष जायसवाल, अनुराग सिंह, शैलेंद्र पांडेय, रुकुनपुर निवासी जितेंद्र कुमार के अलावा दीपक गिरि, शुभान जायसवाल, विंशू, संजय कुमार पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसपी का कहना है कि मुख्य आरोपी नन्हू जायसवाल अभी फरार है। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।