दो तकनीकी सहायक समेत 37 की सेवा से बर्खास्तगी के आदेश
रायबरेली। मनरेगा के कार्यों की जीओ टैगिंग में मनमानी करने वाले दो तकनीकी सहायकों और 35 ग्राम रोजगार सेवकाें की सेवाओं को सप्ताह करने के आदेश दिए गए हैं।
उपायुक्त (मनरेगा) ने मामले में संबंधित गांवों के प्रधानों व ग्राम पंचायत अधिकारियों को पंचायत की बैठक बुलाकर प्रस्ताव पास करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। एक साथ 37 संविदा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया है।
मनरेगा से गांवों में हो रहे कार्यों को ऑनलाइन करने के आदेश दिए गए हैं। शासन से दबाव के बाद भी जिले के नौ ब्लॉकों के 37 गांवों में प्रगति बेहद खराब है।
समीक्षा में मनमानी उजागर होने के बाद डलमऊ ब्लॉक के उबरनी के तकनीकी सहायक राधेश्याम सोनी व तेरुखा के प्रेमचंद्र के अलावा 35 ग्राम रोजगार सेवकों की सेवाओं को समाप्त करने के आदेश दिए गए हैं। प्रधानों को ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पास करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए हैं।