जायस (रायबरेली)। जायस कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सीमेंट व्यवसायी के घर पर धावा बोल दिया। लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी को पीटकर घायल कर दिया।
इस बीच व्यवसायी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए तो बदमाश फरार हो गए। कोतवाल ने पहुंचकर घटना की जांच की। मौके से पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है।
जायस कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी सीमेंट सरिया व्यवसायी कुलदीप पटेल के घर रात में बाइक सवार दो बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश लूटपाट करने लगे। इसी बीच कुलदीप की नींद खुल गई। इस पर कुलदीप लूटपाट का विरोध किया।
इस पर बदमाशों ने उसकी पिटाई करके उसे घायल कर दिया। शोरगुल मचाने पर आसपास के लोग पहुंच गए। घेराबंदी होने की वजह से बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। घायल व्यवसायी ने रायबरेली शहर के एक निजी अस्पताल में अपना इलाज कराया।
कोतवाल गजेंद्र सिंह का कहना है कि घटनास्थल से बदमाशों की बाइक बरामद की गई है। बाइक के जरिए बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द बदमाश गिरफ्त में होंगे।