प्राइमरी एजुकेशन की गुणवत्ता परखने को 14 को टेस्ट
रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग प्राइमरी एजूकेशन की हकीकत जानने के लिए नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत 14 मई को जिले के 2153 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की एक घंटे की परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा में अब तक नामांकित हुए लगभग एक लाख 60 हजार बच्चे शामिल होंगे।
परीक्षा 14 मई को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक होगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी तथा गणित विषय से जुड़े सवालों का सिर्फ एक ही प्रश्नपत्र होगा।
प्रश्नपत्र के मॉडल सभी परीक्षा केंद्रों (प्राथमिक विद्यालयों) को उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिसे ब्लैकबोर्ड पर लिख दिया जाएगा। बच्चों को उपलब्ध कराई गई कॉपियों पर इन सवालों के उत्तर लिखने होंगे।
खास बात यह है कि परीक्षा की निगरानी के लिए सभी प्राथमिक विद्यालयों में दूसरे स्कूल के सहायक अध्यापकों को लगाया जाएगा। सिर्फ परीक्षा की व्यवस्था के लिए प्रधानाध्यापक की ड्यूटी अपने ही स्कूल में रहेगी।