रायबरेली। आंगनबाड़ी केंद्रों पर मनमानी को पकड़ने के लिए बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने टीमें गठित कर दी हैं। पहले चरण में नौ ब्लॉकों के केंद्रों की जांच के लिए दो-दो अधिकारियों की चार टीमें बनाई गई हैं। टीमें 14 नवंबर से एक सप्ताह तक अभियान चलाकर जांच करके कमियों को खंगालेंगी। कमियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पुष्टाहार की उपलब्धता, सुपोषण स्वास्थ्य मेला आदि गतिविधियों व कार्यक्रमों की जांच कराने का निर्णय लिया गया है। अलग-अलग ब्लॉकों के सीडीपीओ को जांच में लगाया गया है। सभी को एक सप्ताह तक जांच करने के बाद रिपोर्ट देनी होगी।
बछरावां और अमावां ब्लॉक के केंद्रों में सीडीओ हरचंदपुरु सरस कपूर व सीडीपीओ छतोह संजय सिंह जांच करेंगे। राही व डीह ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों पर डलमऊ सीडीपीओ नागेंद्र भारती व ऊंचाहार सीडीपीओ सत्यजीत सिंह की टीम जांच करेगी।
इसके अलावा प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी कन्हैयालाल व सीडीपीओ अंजना अवस्थी ऊंचाहार व जगतपुर ब्लॉक के साथ ही शहर के आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच करेंगे। प्रभारी सीडीपीओ शैल सिंह व शहर की सीडीपीओ इंद्रबाला चतुर्वेदी की टीम हरचंदपुर व सरेनी के ब्लॉकों के केंद्रों की जांच करेंगी।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि पहले चरण में नौ ब्लॉकों के केंद्रोें की जांच के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। यही टीमें शेष बचे अन्य ब्लॉकों में भी ये टीमे अगले चरण में जांच करेंगी।