रायबरेली। दो दिन की छुट्टी के बाद गुरुवार को बैंक खुले तो लेनदेन के लिए ग्राहक उमड़ पड़े। सुबह से ही लंबी लाइनें लग गई। घंटों इंतजार के बाद धन निकासी समेत अन्य कार्य हो सके।
प्रधान डाकघर और उप डाकघरों का भी यही हाल रहा, जहां पर लेनदेन के लिए ग्राहकों का जमावड़ा दिखा। पहले लेनदेन के चक्कर में ग्राहकों में धक्कामुक्की की नौबत दिखी।
इधर, विभिन्न मांगों को लेकर विजया बैंक, ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य बैंकों में दो दिन तालाबंदी थी। सुबह दस बजे के पहले ही ग्राहक लेनदेन के लिए बैंकों में पहुंच गए।
ताला खुला तो लंबी कतारें लग गई। कोई रुपया जमा कर रहा था तो कोई रुपया निकाल रहा था। इसके अलावा पास बुक अंकित कराने समेत अन्य कार्य कराने के लिए धक्कामुक्की कर रहा था। शहर के अलावा देहात क्षेत्रों की बैंक शाखाओं भी यही हाल रहा।
उधर, शहर के प्रधान डाकघर में भी कैश जमा और निकालने को लेकर ग्राहकों की कतारें लगी रही। पोस्ट मास्टर श्रवण कुमार ने बताया कि दो दिन की हड़ताल की वजह से डाकघर बंद था। इसलिए भीड़ थी। बेहतर ढंग से काम निपटाया गया। देहात क्षेत्र के उप डाकघरों में भी लेनदेन के लिए लोगों की भीड़ दिखी।