लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के लालगंज-फतेहपुर मार्ग पर जनता बाजार के पास स्थित लोन नदी में रविवार की रात पुल से अनियंत्रित होकर एक ट्रक जा गिरा, जिससे ट्रक चालक व क्लीनर की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा व स्थानीय लोगों की मदद से ड्राइवर व क्लीनर के शवों को बाहर निकाला। हादसे की जानकारी ट्रक मालिक व परिवारीजनों को दी गई। ट्रक मालिक ने तहरीर पुलिस को दी है। ट्रक के बाहर निकालने के दौरान लालगंज-फतेहपुर मार्ग 1.30 घंटे जाम रहा। जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं।
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी थाना क्षेत्र के कथोलवा निवासी ट्रक चालक अशोक कुमार यादव (30) पुत्र राजकुमार यादव व बस्ती जिले के रुदौली थाना क्षेत्र के खंभा निवासी क्लीनर आशीष चौधरी (24) पुत्र रामदेव महोबा से गिट्टी लादकर बस्ती जा रहे थे। आशीष ट्रक में सो रहा था। रात करीब 1.45 बजे जैसे ही ट्रक जनता बाजार के पास स्थित लोन नदी के पुल पर पहुंचा, तभी वह अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरा।
आसपास के लोगों की मानें तो ट्रक के आगे का हिस्सा पानी में घुस जाने के कारण क्लीनर व ड्राइवर बाहर नहीं निकल पाए। ट्रक के नदी में गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आनन-फानन मेें हाइड्रा बुलाकर ट्रक को बाहर निकाला गया। जब तक ट्रक ड्राइवर व क्लीनर को बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो गई थी।
पुल से नीचे गिरे ट्रक के परखच्चे उड़ गए। सूचना के बाद पहुंचे बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नकदीदेई बुजुर्ग निवासी ट्रक मालिक रामजनक वर्मा ने हादसे की तहरीर पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
परिवारीजनों में मचा कोहराम
मौत की सूचना ड्राइवर अशोक व क्लीनर आशीष के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। अपराह्न एक बजे परिवारीजन अस्पताल पहुंचे। मृतक अशोक भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पांच भाई व तीन बहनें हैं। मां सोनवती व पत्नी रिंका का रो-रोकर बुरा हाल है। क्लीनर आशीष भाइयों में सबसे छोटा था। उसके दो भाई व पांच बहनें हैं।