लूटपाट के विरोध पर बुजुर्ग महिला को मार डाला
सरेनी (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात लूटपाट की नियत से घर में घुसे बदमाशों ने सिर पर धारदार हथियार से हमला कर एक बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतार दिया।
महिला घर पर अकेली रहती थी। सुबह चारपाई पर उसका शव पड़ा मिला तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल की।
घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे मार डाला।
सूचना पर एसपी ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। बेटी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हालांकि लूट कितने की हुई है। बदमाश घर से क्या-क्या सामान ले गए हैं, इसका पता अभी नहीं चल सका है।
बीसाखेड़ा मजरे बंडई गांव निवासी सुमन साहू (70) पत्नी स्व. गंगाधर घर पर अकेली रहती थी। उसकी पांच बेटियों और एक बेटे जय प्रकाश की शादी हो चुकी है।
बेटियां ससुराल में रहती हैं, जबकि बेटा जय प्रकाश पंजाब में परिवार समेत रहता है। मंगलवार रात बदमाशों ने सुमन के घर पर धावा बोल दिया।
पुलिस की मानें तो घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त था, जिससे अंदेशा है कि लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने किसी धारदार हथियार से सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया होगा।
इसके बाद बक्सा तोड़कर रखी नकदी समेत अन्य सामान उठा ले गए। बुधवार सुबह देर तक जब महिला नहीं उठी तो आसपास के लोग घर के अंदर गए।
घर में चारपाई पर उसका खून से लथपथ शव पड़ा था। घर का सामान इधर-उधर बिखरा था। हालांकि लूट कितने की हुई है, अभी इसका पता नहीं चल सका है।
मामले की सूचना पाकर एसपी सुजाता सिंह, एएसपी शशिशेखर सिंह, एसओ गुरुबख्शगंज विनोद सिंह भी मौके पर पहुंचे। एसओ राकेश सिंह ने बताया कि मृतका की बेटी कमला देवी की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।