आग से झुलसी पत्नी की मौत, पति रेफर
शिवगढ़ (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ ग्राम पंचायत में शनिवार को लपटों की चपेट में आकर झुलसी महिला की इलाज के दौरान हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
गांव की रहने वाली रेखा और पति रामनिधि रावत गांव में झोपड़ी बनाकर किसी तरह गुजर बसर करता है। शनिवार को पत्नी छप्पर के नीचे खाना बना रही थी।
इस दौरान छप्पर में आग लग गई, जिसमें रेखा जलने लगी। यह देख रामनिधि उसे बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन आग की चपेट में आने से दोनों झुलस गए।
दोनों को पहले सीएचसी शिवगढ़ में पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान रेखा की मौत हो गई, जबकि पति रामनिधि की हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। रामनिधि टेम्पो चलाकर किसी तरह गुजर बसर करता है।