रायबरेली। जिले का काफी महत्वपूर्ण माना जाने वाला रेलवे स्टेशन रायबरेली छह महीने बाद नए लुक में नजर आएगा। भले ही बीच में कुछ महीने काम ढीला रहा हो, लेकिन मंडलीय अधिकारियों की सख्ती के बाद काम में तेजी आई है।
करीब पौन चार करोड़ की लागत से स्टेशन का कायाकल्प करने के लिए चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसीलिए स्टेशन की मुख्य बिल्डिंग की दीवारों पर लगाने के लिए येलो स्टोन आ गया है, जिसे जल्द ही लगा दिया जाएगा। इससे बिल्डिंग नए रूप में आकर्षक दिखेगी। प्लेटफार्म पर स्थिति विश्रामालय और प्रतीक्षालय को भी दुरुस्त करने का काम पूरा कराया जा रहा है।
अलग-अलग होंगे प्रवेश और निकासी द्वार
अभी रेलवे स्टेशन में मुख्य मार्ग से प्रवेश करने के लिए तीन रास्ते हैं। इन पर कुछ साल पहले दो गेट बनवाए गए थे। अब तीसरा गेट भी साइकिल स्टैंड की तरफ बनाया जा रहा है।
जैसे ही यह गेट बनकर तैयार हो जाएगा, पहले से बना एक गेट बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में नए बने गेट से प्रवेश मिलेगा और मंदिर साइड वाले दूसरे गेट से निकासी रहेगी। इससे वाहनों के आवागमन में अव्यवस्था नहीं फैलने पाएगी।
बनेगी नई पार्किंग और विकसित होगा गार्डेन
रेलवे स्टेशन के सामने खाली पड़े स्थान पर दोनों गेट के बीच में वाहनों की पार्किंग खत्म कर दी जाएगी। इस स्थान पर गार्डेन विकसित किया जाएगा, ताकि स्टेशन के मुख्य भवन के सामने का लुक अच्छा दिख सके।
नई पार्किंग बनाने के लिए नए बनाए जा रहे गेट के दोनों तरफ यानी पार्सल और साइकिल स्टैंड के सामने बेकार पड़े क्वार्टर (कक्ष) ध्वस्त किए जा रहे हैं। यहीं पर वाहनों का पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा।
आरक्षण, टिकट काउंटर की हालत भी सुधारेंगे
हाल ही में स्टेशन के निरीक्षण पर आए मंडल रेल प्रबंधक सतीश कुमार को कई खामियां मिली थीं। उन्होंने इन खामियों को दूर करने की हिदायत दी थी।
आरक्षण और टिकट काउंटर के भीतर समस्याएं देखने को मिली थीं। डीआरएम ने इन खामियों को एक महीने में दूर करने के साथ ही काउंटरों को सुव्यवस्थित करने की बात कही थी। जल्दी ही रिजर्वेशन और सेकेंड क्लास टिकट काउंटर भी सुधारे जाएंगे।