ऊंचाहार (रायबरेली)। डीह से गंगा स्नान करने गोकना जा रहा बाइक सवार पैदल जा रही महिला को बचाने में गिर गया। हादसे में बाइक पर बैठी उसकी पत्नी व बेटी भी घायल हो गई। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
डीह थाना क्षेत्र के गांव गड़रियन का पुरवा निवासी केदार (45), पत्नी राधिका व बेटी पूजा को बाइक से लेकर गंगा स्नान करने गोकना घाट जा रहा था।
तभी जमुनापुर चौराहा के पास पैदल जा रही एक महिला अचानक रोड क्रॉस करने लगी। उसे बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इससे महिला तो बच गई, लेकिन बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां केदार की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जबकि पत्नी व बेटी की हालत ठीक बताई जा रही है।