दोस्त का पता जानने के लिए किया युवक का अपहरण
रायबरेली। सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर शाम दोस्त का पता जानने के लिए युवक का अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने उसे दो घंटे तक अपने कब्जे में रखा। फोन मिलवाया, लेकिन उसके दोस्त का नंबर नहीं मिला। इसके बाद उसे छोड़ दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
सदर कोतवाल नागेश मिश्रा के मुताबिक फिरोज गांधी कॉलोनी निवासी नितिन शर्मा का दोस्त अंकित है। अंकित ने राना नगर के रहने वाले नीलेश चौहान की पिटाई कर दी थी। बदला लेने की नियत से नीलेश ने अंकित की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार शाम नीलेश ने साथियों के साथ डिग्री कॉलेज चौराहा के पास से नितिन शर्मा का अपहरण कर लिया। उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और कहीं गुप्त स्थान पर ले गए। आरोपी नितिन से अंकित का पता पूछने लगा। नितिन से अंकित को फोन मिलवाया, लेकिन उसका नंबर नहीं मिला। इसके बाद उसे छोड़ दिया। मामला जानकारी होने पर कोतवाल व जहानाबाद चौकी इंचार्ज शैलेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ नितिन शर्मा के घर पहुंचकर मामले की जांच की। कोतवाल का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।