संदिग्ध हालात में तालाब में मिला मासूम का शव, हत्या की आशंका
रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक मासूम का शव तालाब में पाया गया। मासूम सोमवार को आंधी और बारिश के दौरान गायब हो गया था।ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं।
पूरे बाबा मजरे कठघर निवासी धर्मेंद्र कुमार का छह वर्षीय पुत्र हिमांशु सोमवार देर शाम घर के बाहर पड़ोस के बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी बीच आंधी और बारिश होने लगी।
इस पर हिमांशु की मां विमला देवी उसे खोजने लगी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। तलाश में जुटे ग्रामीण जब तालाब की तरफ देखने गए तो उसका शव उतराता मिला। ग्रामीणों ने किसी तरह शव को बाहर निकाला।
सूचना पर डलमऊ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। हिमांशु की मां का रो-रोकर हाल बेहाल है। ग्रामीण मासूम की हत्या कर तालाब में शव फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं।
कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी श्रीराम पांडेय ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।