लालगंज (रायबरेली)। मॉडर्न रेल कोच कारखाने की शेल शॉप में मामूली सी बात को लेकर रविवार को रेलवे व प्राइवेट कर्मचारी आपस में भिड़ गए।
बात इतनी बढ़ी कि गाली-गलौज और मारपीट हो गई। कर्मचारियों के बीच हुए विवाद के कारण शेल शॉप का काम पूरी तरह से प्रभावित रहा।
प्राइवेट कर्मचारियों ने चार नामजद और 50 अज्ञात कर्मचारियों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। उधर, सरकारी कर्मचारी ने भी उच्चाधिकारियों और पुलिस को तहरीर दी है।
विरोध स्वरूप सरकारी कर्मचारियों ने कारखाने के भीतर अफसरों का घेराव किया और उन प्राइवेट कंपनियों के विरुद्ध कार्रवाई का दबाव बनाया जिनके कर्मचारी झगडे़ में शामिल रहे। इस दौरान काम काज ठप रहने से उत्पादन कार्य बुरी तरह प्रभावित हुआ। पुलिस ने किसी भी पक्ष की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कारखाने की शेल शॉप में काम करा रही श्री महादेव एसोसिएट कंपनी के कर्मचारी गुरुबक्शगंज थाना क्षेत्र के जतुआटप्पा मजरे बथुआखास निवासी आशीष कुमार से शनिवार शाम वेल्डिंग मशीन का वायर प्लग लगाने को लेकर सरकारी कर्मचारी से विवाद और हाथापाई हो गई थी।
जिसके बाद अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हो गया था। प्राइवेट कर्मचारियों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि रविवार सुबह सरकारी व प्राइवेट कर्मचारी फिर काम पर पहुंचे।
सुबह प्राइवेट कर्मचारी नागेंद्र व शनि नित्यक्रिया के लिए गए थे। तभी एसएससी प्रकाश मीना, हलधर, सुधीर, शशिकांत सहित 50 अज्ञात कर्मचारियों ने दोनाें को घेर लिया और पिटाई कर दी।
नागेंद्र तो किसी तरह जान बचाकर भाग निकला लेकिन शनि को सरकारी कर्मचारियों ने बंधक बना लिया। दो घंटे बाद अधिकारियों व पुलिस के आने पर उसे छोड़ा गया।
उधर, टेकिभनकल द्वितीय पद पर कार्यरत कर्मचारी शशिकांत मीना ने शेल शॉप के मुख्य अभियंता को प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि सुपरवाइजर से पूछ कर वह अस्पताल जा रहा था।
तभी गेट नंबर तीन पर प्राइवेट कर्मचारी ने उसे रोक लिया और गोली मार देने की धमकी दी। शशिकंात ने बताया कि शेल संख्या 87404 पर वेल्डिंग मशीन लगाने को लेकर आशीष कुमार ने नारायण पालीग्रही व देवेश के साथ अभद्रता करने के साथ-साथ गाली-गलौज किया था।
शिफ्ट सुपरवाइजर प्रकाशचंद्र मीणा ने समझाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपी नहीं माना और काम बंद करके नारेबाजी करने लगे। सरकारी कर्मचारी शशिकांत मीना व प्राइवेट कर्मचारी आशीष कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है।
उपनिरीक्षक अजय यादव ने बताया कि बताया कि पुलिस को दोनों पक्षों की ओर तहरीर दी गई है मामले की पड़ताल की जा रही है।