बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से दूसरा ट्रक अनियंत्रित होकर सोमवार देर रात सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। हादसे के दौरान लोग सोने की तैयारी कर रहे थे।
अचानक ट्रक दीवार तोड़ता हुआ बरामदे में आ गया। हालांकि हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन दो कमरे और एक बरामद ढह गया।
सोमवार देर रात लगभग 11 बजे लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर रिलायंस सीमेंट फैक्ट्री के मोड़ के पास रायबरेली से लखनऊ की ओर जा रहे एक ट्रक को पीछे सेे आ रहे दूसरे ट्रक ने टक्कर मार दी।
इससे आगे चल रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया। चालक ने अचानक ब्रेक लगाया तो ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे स्थित रामकिशोर के घर में जा घुसा।
टक्कर इतनी जोरदार थी की घर का बरामदा व दो कमरे ढह गए। इस दौरान घर के बच्चे सो गए थे जबकि बड़े लोग सोने की तैयारी कर रहे थे। तेज धमाके से सभी अवाक रह गए।
गनीमत रही कि परिवार के लोग घर के दूसरे हिस्से की तरफ सो रहे थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सभी परिवारीजन बाल-बाल बच गए। दूसरे ट्रक का चालक ट्रक समेत मौके से भाग गया।
कोतवाल रावेेंद्र सिंह नेे बताया की घटना की तहरीर मिली है। ट्रक को अपने कब्ज में ले लिया गया। वहीं टक्कर मारने वाले दूसरे ट्रक की तलाश की जा रही है।