डलमऊ। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह आईटीबीपी के एक टैंकर ने बुजुर्ग को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा उस समय हुआ, जब वाहन टंकी से पानी भरने गया था। तभी गाड़ी बैक करते समय बुजुर्ग हादसे का शिकार हुआ।
घटना की सूचना पर लोगों का मजमा लग गया। लोग आक्रोशित हो गए। लोगों का कहना था कि चालक नशे में था। इसलिए आवाज लगाने के बावजूद उसने बुजुर्ग पर दो बार वाहन चढ़ा दिया।
सूचना पर कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इसके बाद बवाल शांत हो सका। पुलिस ने आईटीबीपी के सिपाही और हवलदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे भारत-तिब्बत सीमा सुरक्षा बल (आईटीबीपी) का टैंकर पानी भरने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ स्थित डलमऊ पेयजल योजना के नलकूप पर जा रहा था।
चालक टैंकर को बैक करते हुए नलकूप की ओर जा रहा था। इसी बीच पीछे से दवा लेकर आ रहे कस्बे के चौहट्टा मोहल्ला निवासी श्री नारायण तिवारी (80) को टैंकर से टक्कर लग गई और वह गिर गए।
जब तक लोग चीख पुकार मचाने लगे, लेकिन चालक ने अनसुनी करते हुए दोबारा वाहन चढ़ा दिया। जब लोगों ने आकर उसे बताया, तभी चालक ने दोबारा उनके ऊपर वाहन चढ़ाते हुए टैंकर आगे बढ़ा दिया, जिससे लगातार दो बार शरीर पर टैंकर गुजर जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
लोगों ने आननफानन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की सूचना मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
लोग आक्रोशित हो उठे। लोगों का कहना था कि चालक नशे की हालत में था, जिससे हादसा हुआ। कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा ने पहुंचकर मामले को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही चालक सिपाही और परिचालक हवलदार को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा।
कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि आईटीआईबी के सिपाही एवं वाहन चालक रमेश कुमार और परिचालक हवलदार हंसराज के विरुद्ध लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टक्कर मार देना और मौत हो जाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन कब्जे में ले लिया गया है। कार्रवाई की जाएगी।