गला दबाकर की गई थी युवक की हत्या
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के अमृत का पुरवा मजरे कुम्हड़ौरा गांव में युवक की हत्या गला दबाकर की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को हिरासत में ले रखा है।
अमृत का पुरवा गांव निवासी शेरबहादुर सिंह उर्फ शेरू की बृहस्पतिवार रात हत्या कर दी गई थी। प्रभारी निरीक्षक रवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दाबाकर युवक की हत्या किया जाना स्पष्ट हुआ है। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने 13 लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद 10 लोगों को जाने दिया गया। तीन लोगों से पूछताछ चल रही है।
नहीं कर सकी पुलिस हत्याओं का खुलासा
लालगंज। ऐहार गांव में 29 मई की रात घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे 14 वर्षीय मोहित निर्मल पुत्र रामप्रसाद की अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। मृतक की मां धर्मावती ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दो महीने बीत जाने के बाद भी हत्यारे पुलिस पकड़ से दूर हैं। पूरे साहबबक्श मजरे सेमरपहा गांव निवासी मो. मुसलिम उर्फ नन्हकऊ पुत्र इद्दू की 28 जून को हुई हत्या का भी पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई।