झाड़फूंक के नाम पर युवक के हाथ-पैर बांधकर पीटा, घायल
रायबरेली। विज्ञान ने कितनी तरक्की कर ली है, लेकिन आज भी कुछ लोगों ने भूत-प्रेत का अंधविश्वास पाल रखा है। डीह थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ऐसा मामला आया। झाड़फूंक के नाम पर बाबा ने युवक के हाथ-पैर बांध दिए और लाठी से उसकी जमकर पिटाई की। इससे युवक घायल हो गया, जिसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। इस बीच आरोपी बाबा मौके से भाग गया। उसके खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रह हैं।
उन्नाव जिले के श्रीनगर शुक्लागंज निवासी रामसजीवन चौरसिया अपने ससुराल डीह क्षेत्र के जगदीशपुर गांव आया था। यहां पर ससुरालीजनों को युवक पर भूत-प्रेत होने का शक हुआ था। इस पर युवक की सास मानादेवी दामाद को लेकर गांव के भूत-प्रेत भगाने वाले बाबा सुखई ओझा के पास लेकर गई थी। जहां बाबा ने युवक पर बडे़ जिन्न का साया बता कर उसके हाथ-पैर बांधकर लाठी से जमकर पीटा। जिससे युवक घायल होकर चिल्लाने लगा। युवक को चिल्लाता देख झाड़फूंक करने वाला बाबा फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी झाड़फूंक का कार्य करता और धन एेंठता है। उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। थानेदार शिवशंकर गुप्ता ने बताया कि घायल युवक रामसजीवन चौरसिया की तहरीर पर झाड़फूंक करने वाले सुखई के खिलाफ मामला दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है।
मामले में होगी सख्त कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा का कहना है कि झाड़फूंक के नाम पर युवक की बाबा ने पिटाई की गई। मामले की एफआईआर डीह थाने में दर्ज करा दी गई है। बाबा की गिरफ्तारी के लिए संबंधित थानेदार को निर्देश दिए गए हैं। मामले में सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।