मनरेगा में जेसीबी से तालाब की खोदाई
वीपीओ व प्रधानपति पर एफआईआर
खीरों (रायबरेली)। मनरेगा की गाइड लाइन को ताक पर रखकर जोगापुर बरिगांव गांव में तालाब में जेसीबी से काम कराने के मामले में शुक्रवार को बीडीओ लालगंज ने खीरों थाने में तहरीर देकर ग्राम पंचायत अधिकारी और प्रधानपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
खीरों थाने में दी तहरीर पर बीडीओ लालगंज नीरज कुमार श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि गुरुवार रात जोगापुर बरिगांव के लोगों ने मिश्रन का तालाब में मनरेगा से खुदाई कार्य जेसीबी से कराने की शिकायत की। ग्रामीणों की सूचना पर डीसी मनरेगा अनिल सिंह के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की तो तालाब की जेसीबी से खोदाई होना पाया गया। मनरेगा में श्रमिकों द्वारा कार्य होना चाहिए, जबकि जेसीबी से कार्य कराया गया। तहरीर पर पुलिस ने ग्राम पंचायत अधिकारी रमेश कुमार मिश्रा व प्रधान के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
डीसी मनरेगा अनिल सिंह ने बताया की मौके पर जेसीबी से कार्य होना पाया गया, जबकि जेसीबी मौके से जा चुकी थी। बीडीओ लालगंज नीरज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मिश्रन तालाब की खोदाई के लिए 1.99 लाख की लागत स्वीकृत है। 62855 रुपये का श्रमिक को भुगतान हो चुका है। मनरेगा में श्रमिकों के स्थान पर जेसीबी का प्रयोग अपराध है। जिसके कारण संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा किया गया है। उधर प्रधान पति पारस सिंह ने बताया की तालाब में खोदाई श्रमिकों से कराई गई है। जेसीबी से खोदाई का आरोप राजनैतिक व निराधार है। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।