रायबरेली। शहर में गुरुवार की सुबह लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर बेकाबू ट्रक ने स्कूल जा रहीं स्कूटी सवार एक शिक्षिका को रौंद दिया।
हादसे में उसकी शिक्षामित्र बेटी घायल हो गई। जबकि पांच वर्षीय नाती बाल-बाल बच गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक भाग गया। शिक्षिका के पति की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बजरंग नगर राजघाट निवासी प्रदीप कुमार पांडेय की पत्नी जान्हवीं (60) अमावां ब्लॉक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक स्कूल पेड़रई में प्रधानाध्यापक थी, जबकि उनकी बेटी दीपिका शुक्ला (35) यहीं पर प्राथमिक स्कूल में शिक्षामित्र पद पर तैनात है।
गुरुवार सुबह जान्हवीं व उसकी बेटी दीपिका स्कूटी से स्कूल जा रहीं थीं। उनके साथ में नाती शिवम भी था। तभी हाईवे पर मोटल चौराहे के पास इलाहाबाद से लखनऊ जा रहे ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में जान्हवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं नाती बाल-बाल बच गया।
सूचना पर कार्यवाहक कोतवाल रवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दीपिका को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कार्यवाहक कोतवाल का कहना है कि तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। चालक के खिलाफ कार्रवाई होगी।