आवास आवंटन में धन उगाही करने वाले प्रधान पर केस
खीरों (रायबरेली)। ब्लॉक में एक ग्राम प्रधान को आवास आवंटन में धन उगाही करना महंगा पड़ गया। पीड़ितों की शिकायत पर हुई जांच में मामला सही पाया गया। इस पर ग्राम प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। मुकदमा दर्ज हो जाने से अन्य ग्राम प्रधानों में दहशत है।
ब्लॉक के डोंडेपुर गांव निवासी रामकिशुन, कांती देवी, लक्ष्मी देवी ने एक सप्ताह पहले उपायुक्त स्वत: रोजगार पवन कुमार को शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि हम लोगों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत वर्ष 2016-17 में आवास आवंटित किए गए थे। ग्राम प्रधान अब्दुल समद ने प्रति लाभार्थियों से 15000 रुपये के हिसाब से वसूली की। जब आवास की किश्त लाभार्थियों के खाते में आ गई तो फिर से 5000 रुपये वसूल लिए।
उपायुक्त स्वत:रोजगार पवन को जांच में मामला सही पाया गया। उपायुक्त ने खंड विकास अधिकारी खीरों को ग्राम प्रधान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। बीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उपायुक्त स्वत: रोजगार की जांच में लाभार्थियों की शिकायत सही पाई गई। उपायुक्त के आदेश पर ग्राम प्रधान के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।