ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार को मनीरामपुर पुल के पास शारदा सहायक नहर में एक छात्र का शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला। छात्र की कमर में सीतापुर के एक स्कूल का बेल्ट लगा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उसकी शिनाख्त अमन राजपूत निवासी महमूदाबाद के रूप में हुई है। इसकी जानकारी वहां की पुलिस को दे दी गई है।
ऊंचाहार कोतवाल शिवशंकर सिंह के मुताबिक शव की शिनाख्त सीतापुर जिले के महमूदाबाद कस्बे के बीबीपुर मोहल्ला निवासी अमन राजपूत पुत्र सुभाष चंद राजपूत के रूप में हुई है। वो महमूदाबाद के यूनाइटेड अवध इंटर कॉलेज में इंटर का छात्र था। वो 27 दिसंबर को गायब हुआ था। इसकी गुमशुदगी महमूदाबाद थाने में दर्ज की गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। महमूदाबाद थानाध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि मोबाइल को लेकर पिता से छात्र की कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसकी मां ने दो थप्पड़ मारे थे। दूसरे दिन सुबह वह ड्रेस पहनकर घर से स्कूल के लिए निकला और फिर घर वापस नहीं लौटा। प्रथम दृष्टया नहर में कूदकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है। मामले की छानबीन की जा रही है।