सलोन (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात पिता को खाना देने जा रहे युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर मरणासन्न अवस्था में उसे खड़ंजे के किनारे खाई में छोड़कर चले गए। पांच माह पहले भी युवक पर जानलेवा हमला किया गया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के पूरे मीरा मजरे करेमुआ गांव निवासी सूरज कुमार साइकिल से अपने पिता को खाना देने खेत जा रहा था। रास्ते में घात लगाए बैठे राम आधार, राजेंद्र, विनोद, कुलदीप ने कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे से हमला कर दिया, युवक मरणासन्न हो गया। हमलावर भाग निकले। काफी देर तक जब युवक घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन शुरू की गई।
युवक मरणासन्न अवस्था में खड़ंजा के किनारे खाई में पड़ा हुआ मिला। घर वालों ने बताया कि 12 मार्च को भी उस पर हमला किया गया था। कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि युवक को गंभीर अवस्था में कोतवाली लाया गया था। चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।