इन्हौना/तिलोई (रायबरेली)। बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर शातिरों ने फायर झोंक दिया। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी। पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चार मौके से भाग निकले। पुलिस ने बदमाशों के पास से कार, अवैध शस्त्र व अन्य सामान बरामद किया है।
शिवरतनगंज थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात चौकी प्रभारी इन्हौना तनुज कुमार व टीम के साथ इन्हौना चौराहे पर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। इसी दौरान मुखबिर से रेलवे क्रॉसिंग के पास तालाब किनारे संदिग्ध लोगों के एकजुट होकर लूट की साजिश रचने की सूचना मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस पहुंची तो बदमाशों ने टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो बदमाशों रोहित गौतम निवासी भवानीगढ़ मजरे अंबेडकरनगर थाना शिवगढ़ जिला रायबरेली व रामकुमार निवासी किरसिया थाना सुबेहा जिला बाराबंकी को दबोच लिया। अन्य शातिर मौके से भाग निकले।
रोहित की तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस व तमंचे की चैंबर से एक अदद खोखा कारतूस 315 बोर व एक कार बरामद हुई है। आरोपी रामकुमार के पास से एक अदद लोहे का रॉड मिली है। बरामद कार के संबंध में आरोपी रोहित गौतम ने बताया कि ये गाड़ी पांच दिन पहले अपने साथियों सुशील गुप्ता, रामकुमार के साथ लूटी थी।