हादसे में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक।
- फोटो : RAIBARAILY
ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को दो ट्रकों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गाड़ी के अंदर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर मंगवाकर ट्रक के दरवाजे को काटा।
इसके बाद दोनों चालकों को बाहर निकाला गया लेकिन तब तक एक ट्रक चालक की मौत हो गई। दूसरे घायल ट्रक चालक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हाईवे पर हादसा होने से दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सबीसपुर गांव के निकट दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें पंजाब प्रांत के स्वरूप नगर जिले के मोरिंडा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 12 निवासी ट्रक चालक हरजिंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक ट्रक लेकर प्रयागराज की तरफ जा रहा था। दूसरा ट्रक चालक समीर निवासी कनिगवां थाना औरास जनपद उन्नाव ट्रक में फंस जाने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गया।
गैस कटर से दरवाजे को काटकर चालक को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भेजा गया, जबकि क्लीनर मोइन अली निवासी अधौरा जनपद उन्नाव को हल्की चोट आईं, जिसकी वजह से उसे भी सीएचसी ले जाया गया। घायल ट्रक चालक ट्रक पर लोहा लादकर लखनऊ की तरफ जा रहा था। ट्रकों के बीचोंबीच लड़ने की वजह से दो घंटे तक राजमार्ग अवरुद्ध रहा। पुलिस ने जेसीबी मशीन के माध्यम से दोनों ट्रकों को राजमार्ग से हटाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य रूप से चालू हो सका।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. एमके शर्मा ने बताया कि घायल चालक की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सुबह की घटना है। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा, लेकिन दोनों ट्रकों के आपस में फंस जाने की वजह से ट्रकों को बाहर निकलवाने में काफी वक्त लग गया। गैस कटर के माध्यम से एक चालक की जान बचाई जा सकी, लेकिन दूसरे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।