रायबरेली। चालकों-परिचालकों को भड़काकर दो घंटे तक बसों का संचालन ठप रखने के मामले में तीन परिचालकों की संविदा को समाप्त कर दी गई है। तीनों की जमानत राशि को भी जब्त कर लिया गया है।
16 मार्च सुबह करीब छह बजे बस स्टेशन पर परिचालक भड़क गए थे। बसों का संचालन करीब दो घंटे तक ठप हो गया था।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अक्षय कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिचालकों को शांत कराया था। इस मामले में एआरएम ने जांच करवाई थी। प्रथम दृष्टया जांच में तीन संविदा परिचालकों की मनमानी सामने आई।
संविदा परिचालक दीपक कुमार बाजपेयी, संतोष कुमार मिश्रा, विकास शुक्ला को दोषी पाया गया। आरोप है कि दो घंटे चक्का जाम रहने से निगम को करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ।
होली के मौके पर चालकों परिचालकों को भड़काकर बसों का संचालन ठप रखने से यात्रियों को भी परेशानी हुई। इसी कारण तीनों की संविदा को खत्म करने के साथ ही जमानत राशि को जब्त कर लिया गया है।
मामले में प्रथम दृष्टया दोषी मिले तीन परिचालकों की संविदा को खत्म कर उनकी जमानत राशि को भी जब्त कर लिया गया है। राजस्व को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वाले चालकों-परिचालकों को बख्शा नहीं जाएगा।
अक्षय कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक