रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर क्विक वाटरिंग सिस्टम लगाने का काम करीब एक साल से चल रहा है। सभी प्लेटफॉर्मों तक पाइप लाइन बिछाने का काम प्रगति पर है। प्लेटफॉर्म नंबर पांच के ट्रैक किनारे 75 फीसदी पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। अब प्लेटफॉर्म नंबर तीन और चार के बीच काम कराया जा रहा है। इससे दोनों प्लेटफॉर्मों पर रुकने वाली ट्रेनों में पानी भरा जा सकेगा।
लखनऊ मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर यह सुविधा विकसित करने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम और रेलवे के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत रायबरेली स्टेशन का भी चयन किया गया था। करीब एक साल पहले काम शुरू हुआ। रेलवे अस्पताल के पीछे प्लेटफॉर्म नंबर एक की बाउंड्रीवाल के पास बोरिंग कराकर पंप हाउस और वाटर टैंक बनाया गया है।
प्लेटफॉर्म पांच के बाद अब तीन और चार के बीच पूर्वी छोर से पाइप लाइन बिछाई जा रही है। सभी पाइप लाइनों को पंप हाउस से जोड़ने के बाद जलापूर्ति शुरू होगी। कोचिंग डिपो अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि सिस्टम से ट्रेनों की बोगियों में पानी भरने की सुविधा मिलेगी।