खीरों उपकेंद्र में कांग्रेसियों को समझाती पुलिस।
खीरों (रायबरेली)। उपकेंद्र के विश्वबैंक फीडर में स्पार्किंग की शिकायत को नजरंदाज करने पर बृहस्पतिवार को कांग्रेसियों ने विद्युत उपकेंद्र खीरों का घेराव किया। एसडीओ के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
पार्टी के यूथ कांग्रेस के ब्लाॅक अध्यक्ष नीरज मिश्रा बुधवार को कार्यालय आकर उप खंड अधिकारी खीरों से मिले और तार में स्पार्किंग की शिकायत की। समस्या को एसडीओ ने नजरंदाज किया। समस्या बिना सुने व समाधान किए लौटा दिया। जानकारी होने पर बृहस्पतिवार को ब्लाॅक प्रभारी जफरुल के नेतृत्व में ब्लाॅक अध्यक्ष खीरों प्रियंका रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष यूथ कॉग्रेस राघवेंद्र सिंह, नीरज मिश्रा व अन्य ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचे।
उपखंड अधिकारी खीरों से वार्ता की। कांग्रेसियों ने एसडीओ पर मनमानी का आरोप लगाकर प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कांग्रेसियों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसडीओ खीरों अनमोल डागौर ने बताया कि लगाए जा रहे आरोप निराधार है। जिस समय कांग्रेसी नेता शिकायत लेकर आए थे। उस समय फॉल्ट के कारण 33 केवी लाइन बंद थी। समस्या दूर करने का आश्वासन दिया था। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामला शांत कराया गया है।