रायबरेली। बंगलुरु के भाजपा नेता एस विगनेश शिशिर ने सांसद राहुल गांधी के खिलाफ एमपी-एमएलए कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें सांसद पर कथित तौर पर फर्जी पासपोर्ट बनाने और शत्रु देशों को महत्वपूर्ण जानकारी देने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने मामले में सदर कोतवाली से रिपोर्ट तलब की है।
सांसद के खिलाफ कोर्ट में याचिका दर्ज किए जाने से कांग्रेसियों में आक्रोश व्याप्त है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा नेता के खिलाफ मानहानि की याचिका दर्ज की जाएगी। हाईकमान इस मामले में विशेष पैनल बना चुका है। मामले में सुनवाई पांच दिसंबर को होनी है।
बृहस्पतिवार को कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में सांसद के खिलाफ याचिका दायर किए जाने के मामले की चर्चा हुई। कांग्रेस नेता आशीष द्विवेदी ने कहा कि यह फर्जी केस है। हाईकमान ने इसके लिए पैनल बना दिया है। इससे पहले भी सांसद के खिलाफ मामले दर्ज कराए गए, लेकिन वह खारिज हो गए। यह केस भी महज राजनीतिक रूप से सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का तरीका है।
कांग्रेस नेता संजीव शुक्ला एडवोकेट का कहना है कि याचिका दायर करने का कोई मतलब नहीं है। राहुल गांधी जन्म और कर्म दोनों से भारतीय हैं। आने वाले समय में एक-दो पेशी में वह याचिका खारिज हो जाएगी। कहा गया कि एस विगनेश शिशिर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मानहानि की याचिका भी दाखिल की जाएगी।