सलोन (रायबरेली)। महिलाओं के समूह को कम ब्याज दर पर ऋण दिलाने का झांसा देकर एक फाइनेंस कंपनी लाखों रुपये लेकर फरार हो गई।
सूचना पाकर महिलाएं कार्यालय पहुंचीं और हंगामा कर दिया। मकान मालिक समेत चार लोगों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
सलोन के परशदेपुर रोड़ पर एक मकान में शिया फाइनेंस सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के नाम से एक फाइनेंस कंपनी संचालित की गई थी।
महिला गुड़िया पत्नी बबलू, तारा देवी पत्नी अनूप निवासी गौवा बाजार, कमलेश पत्नी राकेश, अनीता पत्नी हरिप्रसाद, राजवंती पत्नी लोचन निवासी मटका और शिवनैना पत्नी शिवधारी, रमावती पत्नी चतुरी, ज्ञानवती पत्नी संतोष निवासीगण शहजादपुर ने आरोप लगाया कि इस फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों ने गौवा बाजार, मटका, शहबाजपुर, मदापुर, अतरथरिया, धरई व सिरसिरा में बैठक कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सस्ता ऋण दिलाने का प्रलोभन दिया था। महिलाओं से 1850 रुपये के हिसाब से लाखों रुपये वसूले गए।
महिलाओं ने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि गांवों में महिलाओं का ग्रुप बनाकर लाखों रुपए वसूलने के बाद फाइनेंस कंपनी भाग गई। महिलाओं ने कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करवाने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज होगा।