रायबरेली। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले की 989 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण का काम शुरू हो गया है। अब तक 570 ग्राम पंचायतों में स्थल चयन का काम पूरा होने के साथ ही 285 गांवों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण का काम शुरू हो गया है। 26 गांवों में निर्माण का काम भी पूरा हो गया है। डीपीआरओ ने सभी एडीओ को स्थलों के चयन की प्रक्रिया पूरी कराकर सभी ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य आरंभ कराने के आदेश दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों के अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में स्थल का चयन करके सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कराया जाना है। पांच से आठ लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रति सामुदायिक शौचालय में नहाने और कपड़े धोने तक की सुविधा होगी। महिला और पुरुष के अलग-अलग चार से छह शीटर सामुदायिक शौचालयों का निर्माण होना है। इसके लिए जिले में काम तेज हो गया है।
अब तक जिले की 570 ग्राम पंचायतों में जमीन के चयन का काम पूरा हो चुका है। 285 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण का काम चल रहा है। अब तक 26 गांवों में निर्माण का काम भी पूरा हो चुका है। जल्द से जल्द काम को पूरा कराने के लिए ब्लॉकों के सहायक विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। जिन गांवों में भूमि का चयन नहीं हो सका है, उन गांवों में स्थल चयन करके काम शुरू कराने के आदेश दिए गए हैं।
डीपीआरओ उपेंद्रराज सिंह ने बताया कि जिले की सभी 989 ग्राम पंचायतों में कम से कम एक-एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण होना है। 570 गांवों में स्थल चयन का काम पूरा हो चुका है। इसमें 285 स्थलों पर काम शुरू कराया गया है। अब तक 26 गांवों में काम पूरा हो चुका है।