रायबरेली में शुक्रवार को अलाव तापते लोग।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। जिले में शुक्रवार इस सीजन का अब तक का सबसे सर्द दिन रिकॉर्ड किया गया। पारा गोते लगाते हुए दो डिग्री तक पहुंच गया। बर्फीली हवा ने ऐसा सितम ढाया कि अंगुलियां भी पथरा गईं। सिहरन बढ़ने से लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे।
कोहरे के कारण वाहन भी रेंगने को मजबूर हुए। धूप निकली लेकिन शाम ढलते ही फिर गलन बढ़ने से अलाव लोगों का सहारा बना। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
शुक्रवार को कड़ाके की ठंड से लोग ठिठुरते रहे। सुबह घना कोहरा छाया रहा। इससे वाहन चालक गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर रास्ता तय करने को विवश दिखे। दोपहर में धूप निकली, लेकिन सर्दी कम नहीं हुई।
बर्फीली हवा से लोगों को कंपकंपी छूट गई। पारे ने ऐसा गोता लगाया कि शुक्रवार का दिन इस सीजन के सबसे ठंडे दिन के रूप में रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम पारा शुक्रवार को दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
वहीं अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह व शाम धुंध छाई रही। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में दुबके रहे। कोई अलाव को कोई रजाई के सहारे ठंड से बचने का प्रयास कर रहा था।
इस तरह लुढ़का पारा
दिनांक न्यूनतम अधिकतम
24 जनवरी 7.6 18.4
25 जनवरी 6.7 14.4
27 जनवरी 3.5 15.5
28 जनवरी 3.4 16.2
29 जनवरी 2.0 16.6