लालगंज (रायबरेली)। कारखाने का नाम भले ही आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना हो और यहां दुनिया की अत्याधुनिक रोबोटिक टेक्नोलॉजी का प्रयोग हो रहा है, लेकिन डिब्बों के निर्माण के समय आए दिन चूक होने की छोटी-बड़ी घटनाएं प्रकाश में आती रहती हैं।
बुधवार की रात को फर्निशिंग शॉप में निर्माणाधीन एक दीनदयालु कोच संख्या डीडीजी 239 लाइन नंबर आठ पर शंटिंग के समय डिरेल हो गया। इससे शॉप में हड़कंप मच गया। उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई। सुबह क्रेन के जरिए खासी मशक्कत के बाद कोच को लाइन पर लाया गया।
इस दौरान वहां हुए किसी नुकसान की जानकारी नहीं मिली। सूत्रों की माने तो उत्पादन लक्ष्य पूरा करने की जल्दबाजी में आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सहित कई उच्चाधिकारियों को मेसेज भेजकर इस बाबत जानकारी मांगी गई लेकिन खबर भेजे जाने तक किसी ने कोई जानकारी दी।