जेई टीकाकरण अभियान का फीता काट शुभारंभ करते मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले में जापानी इंसेफ्लाइटिस (दिमागी बुखार) से लाडलों को बचाने के लिए गुरुवार को टीकाकरण अभियान की शुरुआत हो गई। जिले के प्रभारी एवं स्टांप, न्यायालय शुल्क पंजीयन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने शहर के गोरा बाजार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। कहा कि दिमागी बुखार से बच्चों की मौत हुई तो अफसरों की खैर नहीं होगी। इसके लिए सीधे तौर पर सीएमओ जिम्मेदार होंगे।
उन्होेंने कहा कि इस बीमारी से बच्चे अपंग एवं बौने हो जाते हैं। सरकार सबका साथ सबका विकास चाहती है। सरकार किसी धर्म या संप्रदाय के आधार पर नही है। डेढ़ लाख से ज्यादा बच्चों को जेई के टीके लगाए जाने हैं। वे स्वयं इसकी हर दिन मॉनीटरिंग करेंगे। यदि टीकाकरण अभियान में ढिलाई बरती गई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार गंभीर है और वह इसी दिशा में कार्य कर रही है।
इस कार्य को बेहतर ढंग से किया जाए। सलोन के विधायक दल बहादुर कोरी ने कहा कि दिमागी बुखार बच्चों के लिए खतरनाक है। सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि जेई टीकाकरण अभियान में गत वर्ष 962782 के लक्ष्य के सापेक्ष 831981 बच्चों को टीके लगाए गए थे। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपना दायित्व निभाएं। टीकाकरण अभियान के पहले दिन काफी बच्चों को टीके लगाए गए। इस मौके पर सीडीओ हरीराम, एडीएम प्रशासन तिलकधारी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, अजय त्रिपाठी, आरबी सिंह आदि मौजूद रहे।