सरेनी। गोविंदपुर गन्ना कांटा के पास सड़क पर खड़े बालक को एक तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। बालक को गंभीर हालत में सीएचसी लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिवार में रोना पीटना मच गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला है।
मदा खेड़ा मजरे दूलापुर गांव निवासी अशोक कुमार का 12 वर्षीय बेटा हिमांशु रायपुर कन्या विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। शनिवार को वह स्कूल नहीं गया था। पिता के पास खेत जा रहा था। सुबह करीब नौ बजे वह पांडे सराय बैरिया खेड़ा मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा था। तभी एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन से टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर उछलकर दूर जा गिरा।
गंभीर रूप से घायल बालक को राहगीरों ने ऑटो रिक्शे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शुभम सिंह ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर जाकर सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। कोतवाल रमेश चंद यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस सीसीटीवी देखकर टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है।