फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: दिशा में उठने के बाद भी सड़क जर्जर

Sun, 05 Apr 2026 12:58 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। नेता प्रतिपक्ष व जिले के सांसद राहुल गांधी की अध्यक्षता में बीती 11 सितंबर को हुई जिला विकास एवं समन्वय अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में उठे कई मसले छह माह बाद भी जस के तस हैं। धमधमा में जर्जर सड़क को ठीक कराने का मामला प्रधान मोबीन अंसारी ने उठाया गया था।
विज्ञापन


जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव को पास कराकर सड़क के मरम्मत के निर्देश दिए थे, लेकिन बीती 28 फरवरी को हुई जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास नहीं हो सका। ऐसी स्थिति में सड़क की दशा नहीं सुधर सकी है। आगे होने वाली बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव के पास होने के बाद ही सड़क की दशा सुधर सकेगी।

नामित सदस्य गौरव अवस्थी ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर इलाज के साथ ही सीटी स्कैन जांच की सुविधा उपलब्ध न कराने का मामला उठाया था। मरीजों को एम्स रेफर करने की बात भी सामने रखी थी। यह मामला भी जस का तस है। विभाग की ओर से बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में 148 विशेषज्ञों के सापेक्ष मात्र 70 ही काम कर रहे हैं। संसाधनों के आधार पर बेहतर सुविधा दी जा रही है। दिन में जिला अस्पताल में सीटी स्कैन हो रहा है।
विज्ञापन


नामित सभासद नेहा सिंह ने निहस्था स्टेडियम की मरम्मत का मामला उठाया। इस मामले में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने 61.71 लाख रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा है। बजट मिलने के बाद काम होगा। भैरमपुर में पारिवारिक लाभ योजना के सात आवेदनों में पांच में भुगतान किया गया। एक के लिए बजट की मांग की गई है।


सर्विस रोड व अंडरपास के मुद्दे भी अटके
अमेठी के सांसद केएल शर्मा ने रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर जगतपुर से ऊंचाहार के बीच बनाए गए अंडरपास को पुराने मार्गों से नीचे बनाने के कारण पानी भरने का मामला उठाया था। सर्विस रोड की दशा भी खराब होने की बात कही थी। कई माह बीतने के बाद भी अंडरपास और सर्विस रोड जस की तस है।


एनएचएआई के परियोजना निदेशक ने स्पष्ट किया के अंडरपास पर हाइड्रोलॉजिस्ट से निरीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। सर्विस सड़क पर यातायात की गणना कराई गई है। जल्द ही सड़क की मोटाई का प्रस्ताव तैयार करके काम कराया जाएगा।


दो कर्मियों को प्रतिकूल प्रविष्टि
सलोन विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र में अपात्रों को किसान सम्मान निधि देने का मामला उठाया था। मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग ने जांच की तो 18 किसान अपात्र मिले। संबंधित अपात्रों की सम्मान निधि को रोक दिया गया है। मामले में वरिष्ठ प्राविधिक सहायक भगवानदीन और दुर्गेश पांडेय को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। कर्मचारी दुर्गेश पांडेय से 96 हजार रुपये की वसूली भी की गई है।


कल राहुल गांधी नहीं अमेठी सांसद करेंगे दिशा की बैठक
रायबरेली। छह अप्रैल यानी सोमवार को बचत भवन में होने वाली जिला विकास एवं समन्वय अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में सभापति व सांसद राहुल गांधी शामिल नहीं होंगे। उनके स्थान पर अमेठी से सांसद केएल शर्मा बैठक में सभापति के रूप में शामिल होकर केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा करेंगे। वे दिशा के उपसभापति भी हैं। सीडीओ अंजूलता ने बताया कि सांसद राहुल गांधी का पत्र आ गया है। वे सोमवार को दिशा की बैठक में शामिल नहीं होंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें